
1 जून से देश में लॉकडाउन बढ़ेगा या खत्म होगा? लॉकडाउन में छूट मिलेगी या सख्ती फिर बढ़ेगी? सबके मन में अभी इसी तरह के सवाल हैं। इस बीच पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह मंथन में जुटे हैं। राज्यों से फीडबैक लेने के बाद गृहमंत्री अमित शाह पीएम मोदी से चर्चा करने के लिए पहुंचे हैं। एक-दो दिन में केंद्र सरकार लॉकडाउन पर अपने फैसले की घोषणा कर देगी।कोरोना वायरस महामारी को रोकने के लिए देश में 24 मार्च से ही लॉकडाउन लागू है। लॉकडाउन 4.0 दो दिन बाद यानी 31 मई को खत्म हो रहा है। लॉकडाउन के चौथे चरण में काफी ढील दी गई और कई फैसले राज्यों पर छोड़ दिए गए थे।

कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 1,65,799 हो गई है
इस बीच कोरोना वायरस संक्रमण देश में तेजी से बढ़ने लगा है। पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 7466 नए मामले सामने आए हैं। यह एक दिन में सामने आए अब तक के सबसे ज्यादा पॉजिटिव मामले हैं। कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 1,65,799 हो गई है। इसके अलावा अभी तक 4706 लोगों की मौत हुई है।
अब तक 71105 लोग ठीक हो चुके हैं
स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में इस समय कोरोना के 89987 सक्रिय मरीज हैं। इसके अलावा अब तक 71105 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, 4706 लोगों ने जान गंवाई है। महाराष्ट्र में कोविड 19 मरीजों की संख्या 59546 पहुंच गई है। इसमें से 18616 लोग ठीक हुए और 1982 लोगों की मौत हुई।
