शिर्डी के साईं बाबा का मंदिर और त्र्यंबकेश्वर ज्योर्तिलिंग में भी दर्शन बंद

पुणे के दगडूसेठ गणपति मंदिर को भी अगले आदेश तक बंद रखा गया है

गुरुवार को प्रसिद्ध हाजी अली दरगाह और इसके पास स्थित महालक्ष्मी मंदिर को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। इससे पहले बुधवार तक महाराष्ट्र के सभी बड़े मंदिरों को बंद कर दिया गया था। स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने गुरुवार को बताया कि राज्य में 49 मरीज कोरोना से पीड़ित हैं। पिछले 12 घंटे में राज्य में 7 नए मामले सामने आये हैं।
सिद्धिविनायक: संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट ने बप्पा के दरबार को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया है। हालांकि, अभी भी हर रोज सैंकड़ों लोग मंदिर के बाहर जाकर बप्पा को नमन कर रहे हैं। 200 साल में यह पहली बार है जब सिद्धिविनायक को भक्तों के लिए बंद किया गया है।
शिर्डी: साईं धाम मंदिर को भी भक्तों के लिए बंद कर दिया गया है। हालांकि, ट्रस्ट का हॉस्पिटल खुला रहेगा। आजादी के पहले अंग्रेजों के शासनकाल में साईं मंदिर को इस तरह से बंद किया गया था।
त्र्यंबकेश्वर: 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक त्र्यंबकेश्वर शिव मंदिर को 17 मार्च से भक्तों के लिए अनिश्चितकाल तक के लिए बंद कर दिया गया है। सोमवार को हुई मंदिर ट्रस्ट की बैठक में यह निर्णय लिया गया। ट्रस्ट से मिली जानकारी के अनुसार, इससे पहले मंदिर को हर दो घंटे में केमिकलयुक्त पानी से धोया जा रहा था। ज्यादातर भक्त मास्क पहनकर मंदिर में आ रहे थे।
दगड़ूसेठ हलवाई: पुणे के श्रीमंत दगड़ूसेठ हलवाई गणेश मंदिर को 17 मार्च से अगले आदेश तक के लिए बंद कर दिया गया है। इससे पहले मंदिर में दर्शन से पहले भक्तों के हाथों का सैनिटाइजेशन अनिवार्य कर दिया गया था। भक्तों को मास्क पहनकर आने का निर्देश भी मंदिर प्रशासन की ओर से दिया गया था।