
नई दिल्ली :
आम आदमी पार्टी को एक बार फिर से प्रचंड बहुमत सुनिश्चित होने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता का शुक्रिया अदा किया है। ‘आप’ की जीत के लगभग तय होने के बाद केजरीवाल ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय से लोगों को संबोधित किया। केजरीवाल ने कहा, ‘दिल्ली वालों गजब कर दिया आपने! आई लव यू।’ उन्होंने कहा कि यह सभी दिल्लीवासियों की जीत है। दिल्ली ने तीसरी बार अपने बेटे पर भरोसा जताया है, इसके लिए शुक्रिया।
यह नई राजनीति देश के लिए शुभ संदेश है। दिल्ली ने नई राजनीति को जन्म दिया है।
दिल्ली के लोगों ने कह दिया कि वोट उसी को जो घर-घर को पानी देगा, सड़क बनवाएगा, मोहल्ला क्लीनिक बनवाएगा। अरविंद केजरीवाल ने सभी कार्यकर्ताओं का शुक्रिया अदा करते हुए कहा, ‘सभी ने दिन रात मेहनत की। मेरे परिवार ने भी खूब मेहनत की। आज मेरी पत्नी का जन्मदिन भी है।’

